आगरा। आगरा के जीआईसी मैदान में रविवार को अहिल्याबाई की जयंती पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह ब्रज भूमि है। आगरा की ऐतिहासिक धरती को श्रीकृष्ण का सानिध्य प्राप्त हुआ था। उनकी कृपा आज भी यहां बरसती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, लोकमाता के लिए समर्पित सभी लोगों का मैं नमन करता हूं। राष्ट्रनायकों के प्रति अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करने को सोचना होगा। अहिल्याबाई होल्कर का राज्य मालवा में था। उन्होंने देश की अस्मिता और आस्था की रक्षा के लिए मुगलों द्वारा नष्ट मंदिरों का जीर्णोद्धार किया था।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किये जाने की अहम घोषणा भी की। साथ ही कहा कि बहुत जल्द आगरा में लोकमाता अहिल्याबाई को समर्पित एक और बड़ा कार्यक्रम होगा। समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री द्वारा दी गई जानकारी का हवाला देकर बताया कि उत्तर प्रदेश में सात स्थानों पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर कामकाजी महिलाओं के लिए हॊस्टल बनाये जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने उस दौर में भी महिला सशक्तिकरण, युवाओं, किसानों की प्रगति के साथ ही सुरक्षा और संस्कृति के संरक्षण का जो कार्य किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है।

सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत आगरा की सांस्कृतिक महत्ता पर जोर देते हुए की। उन्होंने कहा, “आगरा बृज का हिस्सा है, यह भूमि श्रीकृष्ण और बांके बिहारी जी की कृपा से समृद्ध है। ऐसे पावन स्थल पर लोकमाता को श्रद्धांजलि देना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।” सीएम योगी ने इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि मुगल आक्रांताओं ने भारत की अस्मिता के प्रतीकों को ध्वस्त किया था, लेकिन लोकमाता अहिल्याबाई ने उस धरोहर को फिर से जीवित किया। उन्होंने काशी, पुरी, गया, केदारनाथ, सोमनाथ, महाकाल और भीमाशंकर जैसे कई मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया। सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो योजनाएं चल रही हैं, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी, मातृ वंदन योजना, फिट इंडिया और आत्मनिर्भर भारत, वे सब लोकमाता के विचारों की आधुनिक अभिव्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में राम मंदिर और केदारनाथ-बद्रीनाथ का विकास कार्य लोकमाता के सांस्कृतिक दृष्टिकोण की ही निरंतरता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत केवल सहता नहीं, बल्कि आतंक के अड्डों में घुसकर जवाब देता है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और एयर स्ट्राइक का उदाहरण देते हुए कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद पालता है, और भारत अब घुसकर मारता है। सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, पहले लोग यूपी में माफिया को पालते थे। कानून व्यवस्था तार-तार होती थी। लोकमाता अहिल्याबाई के नाम पर बने कॉलेज से उनका नाम हटा दिया जाता था, लेकिन अब सरकार उनके नाम से मेडिकल और डिग्री कॉलेज खोल रही है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगरा में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर एक और बड़ा आयोजन जल्द किया जाएगा, जो उन्हें समर्पित होगा। महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति श्रीराम शिंदे ने भी संबोधन किया।

इस समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति श्रीराम शिंदे, सांसद वीके पार्थसारथी, वाचस्पति नागराजू, गोवा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रकांत केवलकर, हरियाणा के राज्यपाल बंगारू दत्तात्रेय समेत देश भर की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरि सिंह बघेल ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में इसके आयोजक केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

Share.

Alok Kumar Srivastava
Chief Editor

Address :    104, Bharsar, District – Ghazipur, Uttar Pradesh – 233300

Mobile        +91-98388 99305
Email        prabhatdarshan25@gmail.com

May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

© 2025 prabhatdarshan.com 

Exit mobile version