झाँसी उत्तर प्रदेश में हाल ही में सम्पन्न हुई 66 हजार पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। इसी क्रम में झाँसी पुलिस लाइन में भी चयनित युवाओं को दुनिया के सबसे बड़े पुलिस बल का हिस्सा बनने का सुनहरा अवसर मिला। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में नवचयनित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने इस मौके पर कहा, “आप सभी ने कठिन परिश्रम और ईमानदारी के साथ इस मुकाम को हासिल किया है। आप उत्तर प्रदेश पुलिस जैसे सम्मानित बल का हिस्सा बन रहे हैं, जो देश और समाज की सेवा का गौरवपूर्ण कार्य करता है।” बोले- “विश्व की सबसे बड़ी पुलिस फोर्स में आप सबका स्वागत है।”
झाँसी से 34 बसों में कुल 1528 अभ्यर्थियों को लखनऊ के लिए रवाना किया गया, जहां उन्हें औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा उच्च कोटि की व्यवस्था की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने खुद हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया और अभ्यर्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
एसएसपी ने आगे कहा, “हम सबको गर्व है कि यह पूरी भर्ती प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान और पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई है। नवचयनित जवान आने वाले समय में पुलिस बल को और मजबूत बनाएंगे।”
Alok Kumar Srivastava serves as the Chief Editor of Prabhat Darshan, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering political affairs, social issues, and regional developments.
