नई दिल्ली। हैदराबाद में आयोजित अखिलेश यादव के AI समिट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी ने अखिलेश के ‘विजन इंडिया’ को ‘गुंडाराज से AI तक का सियासी नाटक’ करार देते हुए इसे ढोंग बताया है। पार्टी नेताओं ने सवाल उठाया कि अखिलेश यादव आखिर AI से क्या सीखना चाहते हैं।
बीजेपी प्रवक्ताओं ने तंज कसते हुए कहा कि क्या अखिलेश यादव ‘स्मार्ट गुंडागर्दी 2.0’ की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार और भविष्य की दिशा देने के बजाय, अखिलेश केवल नए-नए मुद्दों के जरिए राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा नौकरी और विकास की बात कर रहा है, लेकिन अखिलेश यादव अब AI का ज्ञान बांटने निकले हैं। पार्टी ने लैपटॉप घोटाले का जिक्र करते हुए पूछा कि जब उस योजना पर सवाल उठे थे, तब जवाब क्यों नहीं दिया गया।
बीजेपी नेताओं ने 2017, 2019 और 2022 के चुनावों में समाजवादी पार्टी की हार का हवाला देते हुए कहा कि अखिलेश यादव का ‘काला विजन’ अब AI की आड़ में पेश किया जा रहा है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि जनता सब समझ रही है और ऐसे राजनीतिक प्रयोगों को पहले भी नकार चुकी है।

