नई दिल्ली। पिछले माह लाल किला के बाहर हुए आतंकी हमले को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नए साल के जश्न के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कनॉट प्लेस और खान मार्केट सहित नई दिल्ली जिले के प्रमुख इलाकों में भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हौजखास, खेल गांव, साउथ एक्स, ग्रेटर कैलाश, साकेत, वसंत कुंज, वसंत विहार, महिपालपुर और एयरो सिटी जैसे बाजारों में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती शुरू कर दी गई है। 31 दिसंबर की शाम सभी संवेदनशील क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार पुलिस बल बढ़ाया जाएगा।
वहीं अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए दक्षिणी रेंज पुलिस ने ऑपरेशन आघात 3.0 चलाया, जिसके तहत दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी जिलों में 1700 स्थानों पर छापेमारी कर 3964 लोगों को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि नए साल के जश्न को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सतर्कता और निगरानी लगातार जारी रहेगी।

