तिरुवनंतपुरम। केरल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) कार्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान को गलत तरीके से गाते हुए सुना जा सकता है। यह वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं की कड़ी आलोचना हो रही है और मामला राजनीतिक विवाद का रूप लेता जा रहा है।
वायरल वीडियो करीब 1 मिनट 14 सेकेंड का बताया जा रहा है। इसमें केपीसीसी कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम में ए. के. एंटनी, वी. एम. सुधीरन, दीपा दास मुंशी और पलोडे रवि जैसे दिग्गज नेता भी शामिल थे।
कनाडा में इलाज में देरी से भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत, एलन मस्क ने हेल्थकेयर सिस्टम पर उठाए सवाल
जानकारी के अनुसार, झंडावंदन के बाद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को राष्ट्रगान के लिए सावधान मुद्रा में खड़े होने को कहा गया। जैसे ही राष्ट्रगान शुरू हुआ, उसकी पहली पंक्ति ही गलत गाई गई, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
महत्वपूर्ण बात यह है कि यह पूरा कार्यक्रम टीवी चैनलों पर लाइव प्रसारित हो रहा था। वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस नेताओं को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाने लगा। कई यूजर्स ने इसे राष्ट्रगान का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर कांग्रेस पार्टी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक सफाई या बयान सामने नहीं आया है। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की चूक से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच सकता है, खासकर ऐसे समय में जब देशभर में राष्ट्रवाद और संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति तेज है।

