मथुरा शहर की घनी आबादी वाले क्षेत्र कस्बा रोड पर माया टीले के नीचे बने आधा दर्जन से अधिक मकान शनिवार दोपहर करीब 12 बजे भरभराकर गिर गए। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें दो मासूम बच्चियां और एक युवक शामिल हैं।स्थानीय प्रशासन के अनुसार, टीले पर अवैध निर्माण के कारण जमीन कमजोर हो चुकी थी। लगातार खुदाई से जमीन धंस गई, जिससे टीला मकानों के साथ नीचे आ गिरा।इस हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और दमकल विभाग की टीमें जेसीबी और अन्य मशीनरी के साथ मौके पर पहुंच गईं।जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह,एसएसपी श्लोक कुमार और एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत स्वयं मौके पर मौजूद हैं। एनडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि माया टीले पर भूमाफियाओं द्वारा वर्षों से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसकी कीमत अब निर्दोष लोगों को जान देकर चुकानी पड़ी।यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और भूमाफिया गठजोड़ की पोल खोलता है। मथुरा प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Alok Kumar Srivastava serves as the Chief Editor of Prabhat Darshan, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering political affairs, social issues, and regional developments.

