इंदौर: इंदौर में संपत्ति प्रबंधन कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति ने शुक्रवार को दावा किया कि मेघालय के राजा रघुवंशी हत्याकांड के एक आरोपी ने वारदात के हफ्ते भर बाद मध्यप्रदेश के इस शहर में उससे एक फ्लैट किराये पर लिया था. मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी (29) की साजिशन हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम (25) और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह (20) समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. रघुवंशी पूर्वोत्तर के इस सूबे में 23 मई को लापता हो गए थे और ऐसा माना जा रहा है कि इसी तारीख को उनकी हत्या कर दी गई थी.
राजा रघुवंशी हत्याकांड में गिरफ्तार तीन अन्य आरोपियों-विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी पर शुरुआत में ‘भाड़े के हत्यारे’ होने का संदेह जताया गया था, लेकिन मेघालय पुलिस अब इन्हें कुशवाह के दोस्त बता रही है. देश भर में चर्चा का केंद्र बने हत्याकांड के पांचों आरोपी फिलहाल मेघालय पुलिस की हिरासत में हैं.
इंदौर में संपत्ति प्रबंधन की एक फर्म चलाने वाले कारोबारी शिलोम जेम्स ने संवाददाताओं को बताया कि राजा रघुवंशी की हत्या के आरोपियों में शामिल चौहान ने 30 मई को उनसे मुलाकात करके शहर के देवास नाका क्षेत्र में 17,000 रुपये प्रति माह पर एक फ्लैट किराए पर लिया था और इसके लिए अनुबंध पर दस्तखत भी किए थे.
उन्होंने बताया,’चौहान ने दो महीने के सुरक्षा डिपॉजिट के तौर पर हमें 34,000 रुपये की रकम दी थी. औपचारिकताओं के बाद हमने उसे फ्लैट की चाबी सौंप दी थी, लेकिन मैं पक्के तौर पर नहीं कह सकता कि इस फ्लैट में वह या उसका कोई अन्य साथी आया या नहीं. फ्लैट पर ताला लगा है और चाबी इसके किरायेदार के पास है.’
जेम्स के मुताबिक यह फ्लैट जिस इमारत में है, वह नवनिर्मित है और उसमें अभी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं. जेम्स ने बताया कि उन्होंने चौहान द्वारा फ्लैट किराये पर लिए जाने के बारे में स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी है. अधिकारियों के मुताबिक राजा रघुवंशी का शव दो जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था. राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है. उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय के लिए रवाना हुए थे. मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है.
Alok Kumar Srivastava serves as the Chief Editor of Prabhat Darshan, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering political affairs, social issues, and regional developments.

