मुंबई। डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ रिलीज़ से पहले ही विवादों में घिर गई है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसमें एक बच्चे को तैमूर नाम के साथ दिखाया गया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि क्या यह सैफ अली खान और करीना कपूर के बेटे तैमूर अली खान पर तंज है।
विवेक अग्निहोत्री ने द रौनक शो में इस पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि ट्रेलर में तैमूर का नाम किसी खास व्यक्ति के लिए नहीं है। विवेक ने बताया, “तैमूर कई लोग नाम रखते हैं। यह पहली बार नहीं है। बहुत से लोग अपने बच्चों का नाम तैमूर रखते हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि नाम इतिहास से प्रेरित है। विवेक ने कहा, “मैं जब समरकंद में ‘द ताशकंद फाइल्स’ शूट करने गया था, वहां तैमूर लंग का मकबरा है। उसके बाहर लिखा है कि उसने दुनिया की सबसे अमीर सल्तनत पर विजय हासिल की। इसे महान इसलिए मानते हैं क्योंकि उसे सम्राट का खिताब दिया गया। इसे मैंने फिल्म में इसी संदर्भ में इस्तेमाल किया।”
इस तरह विवेक ने साफ किया कि ट्रेलर में तैमूर का नाम किसी बॉलीवुड बच्चे की ओर इशारा नहीं करता।

