नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा से बीएसएनएल की पूरी तरह स्वदेशी 4जी तकनीक से बने नेटवर्क का शुभारंभ किया।
दस साल पहले शुरू किए गए आत्मनिर्भर भारत अभियान के बड़े परिणामों में इसे अहम उपलब्धि माना जा रहा है। अब तक भारत को 2जी, 3जी और 4जी सेवाओं के लिए विदेशी तकनीक पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन इस पहल ने देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बना दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब उन चुनिंदा पांच देशों की सूची में शामिल हो गया है जिनके पास 4जी सेवा शुरू करने की पूरी तरह स्वदेशी तकनीक उपलब्ध है। उन्होंने इसे देश की नई तकनीकी क्रांति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।