कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप विधानसभा क्षेत्र के सूर्यनगर ग्राम पंचायत में बुधवार सुबह एक मंदिर में मां काली की मूर्ति खंडित (क्षतिग्रस्त) मिलने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने जैसे ही मूर्ति की स्थिति देखी, मंदिर परिसर में भीड़ जमा हो गई और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
भारत के खिलाफ फिर भड़के पाकिस्तान आर्मी चीफ आसिम मुनीर, दी ‘माकूल जवाब’ की धमकी
इस बीच, विपक्षी दल भाजपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि “जिहादी तत्वों” ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया है और टीएमसी सरकार इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मूर्ति की तस्वीर साझा करते हुए लिखा—“यह दृश्य बांग्लादेश का नहीं, बल्कि आज के बंगाल का है। बंगाल को पश्चिमी बांग्लादेश बनाने की साजिश चल रही है।”
सुवेंदु अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन ने शुरू में घटना को सार्वजनिक होने से रोकने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है ताकि शांति बनी रहे।

