नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा और चुनाव आयोग पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में मतदाता सूची में हेराफेरी कर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है।
मथुरा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आए साइकिल सवार की मौके पर मौत
हालांकि, भाजपा ने राहुल के आरोपों को पूरी तरह “फर्जी और बेबुनियाद” बताया। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा, “राहुल गांधी को हर बार चुनाव से पहले झूठ फैलाने की आदत पड़ गई है। जब कोई ठोस मुद्दा नहीं होता, तब वे नए आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं।”
रिजिजू ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा, “जो नेता खुद थाईलैंड और कंबोडिया जाकर छिपते हैं, वे अब लोकतंत्र की बात कर रहे हैं। कभी कहते हैं एटम बम फटेगा, लेकिन बम फटता ही नहीं। ऐसे बयान केवल ध्यान भटकाने के लिए दिए जाते हैं।”
भाजपा ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग पूरी तरह निष्पक्ष संस्था है और राहुल गांधी के बयान का मकसद आयोग की साख को नुकसान पहुंचाना है। वहीं कांग्रेस ने दोहराया कि वह अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करेगी और इस मुद्दे को संसद और जनता के बीच उठाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि राहुल गांधी के इस बयान और भाजपा के पलटवार से आने वाले चुनावों से पहले राजनीतिक तापमान और बढ़ने वाला है।

