लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम अब बदलने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में ठंड ने दस्तक दे दी है और सुबह व देर रात सर्द हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। दिन के समय धूप निकलने से हल्की राहत जरूर है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। आज के मौसम की बात करें तो राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, न्यूनतम दृश्यता मुरादाबाद में 500 मीटर दर्ज की गई है। तापमान में पिछले 24 घंटों में –2.0 से +2.0 डिग्री सेल्सियस तक का परिवर्तन देखा गया।
दिन के तापमान की बात करें तो —
-
कानपुर मंडल (औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात) में तापमान सामान्य से काफी कम (3.1°C से 5.0°C कम) दर्ज किया गया।
-
वाराणसी, मुरादाबाद और झांसी मंडल में तापमान सामान्य से कम (1.6°C से 3.0°C कम) रहा।
-
अन्य मंडलों में तापमान सामान्य सीमा (±1.5°C) में रहा।
शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 31.2°C बहराइच में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4°C इटावा में दर्ज किया गया। रात का तापमान प्रयागराज और कानपुर मंडल में सामान्य से कम रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर और बढ़ेगा। विशेष रूप से पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छा सकता है। इसके चलते नागरिकों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

