लखनऊ। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार देर शाम हुए धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। धमाके के तार जैसे ही आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) से जुड़ने की आशंका जताई गई, वैसे ही उत्तर प्रदेश पुलिस और जेल प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है।
यूपी की सभी जेलों में सुरक्षा अलर्ट घोषित
डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर प्रदेश की सभी जेलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में लखनऊ जिला जेल में बुधवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने पहुंचकर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
जेल परिसर में बंद कैदियों की बैरकों, वॉच टावर, बैग्स, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और संदिग्ध वस्तुओं की गहन तलाशी ली गई।
आतंकी खतरे को देखते हुए बढ़ाई गई सतर्कता
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि दिल्ली धमाके के बाद अंतरराज्यीय आतंकी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। इसलिए यूपी की सीमाओं, संवेदनशील जिलों और जेल परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जेल अधीक्षक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना उच्च अधिकारियों को दी जाए।
लखनऊ जेल में तैनात किए गए अतिरिक्त सुरक्षा बल
लखनऊ जिला जेल में अतिरिक्त सशस्त्र बल तैनात किया गया है। जेल प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई है और सुरक्षा कर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

