लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को गति देने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी मंडलायुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर आयुक्त और रोल प्रेक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने एसआईआर कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
नवदीप रिणवा ने कहा कि सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को आवश्यक प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है ताकि वे सही ढंग से और तेज़ी से अपने कार्यों को पूरा कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बीएलओ का मनोबल बढ़ाते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्णतया पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और सटीक तैयार हो सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि एसआईआर प्रक्रिया का हर चरण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा होना चाहिए।
बैठक में अधिकारियों से फील्ड स्तर पर आ रही चुनौतियों और उसके समाधान पर भी चर्चा की गई। निर्वाचन विभाग का कहना है कि मतदाता सूची को मजबूत और त्रुटिहीन बनाना लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है, और इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में पुनरीक्षण कार्य तेज़ किया जा रहा है।

