लखनऊ। पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार के निर्देश पर अपराध और साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में लखनऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम टीम ने बुधवार को कठौता चौराहे के पास कार्रवाई करते हुए NEET परीक्षा में कम अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। टीम ने गैंग के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फर्जीवाड़े के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त
पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कई महत्वपूर्ण और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं—
-
फर्जी CPU
-
वाई-फाई डोंगल
-
आउटर मशीन
-
मोहर
-
चेकबुक
-
कई फर्जी पहचान दस्तावेज
-
₹4,98,490 की नकदी
टीम ने बताया कि ये आरोपी छात्रों और अभिभावकों को यह भरोसा दिलाते थे कि वे फर्जी तरीके से नीट रिजल्ट में नंबर बढ़वा सकते हैं। इसके बदले वे लाखों और कई मामलों में करोड़ों रुपए तक वसूल लेते थे।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क
साइबर टीम की प्रारंभिक जांच के अनुसार यह गिरोह न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि अन्य राज्यों में भी सक्रिय था। आरोपी ऑनलाइन मीटिंग और कॉलिंग के माध्यम से छात्रों से संपर्क करते थे और फर्जी अधिकारियों का हवाला देकर भरोसा जीत लेते थे।
आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में और कौन लोग शामिल हैं। मोबाइल डेटा, लैपटॉप और जब्त किए गए फर्जी उपकरणों की जांच की जा रही है, जिससे गिरोह की विस्तृत नेटवर्किंग का खुलासा हो सके।
पुलिस ने दी अभिभावकों और छात्रों को चेतावनी
लखनऊ पुलिस ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि किसी भी परीक्षा परिणाम में बदलाव या पास कराने का दावा करने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें। ऐसे लोग सिर्फ ठगी करने वाले साइबर अपराधी होते हैं।

