लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में राज्य के 14 सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित करने के लिए 9.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
सरकार का विशेष ध्यान उन जिलों पर केंद्रित है, जहां अभी तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और उन्नत डॉयगनोस्टिक उपकरणों की उपलब्धता सीमित है। ऐसे क्षेत्रों में मरीजों को अक्सर इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। नई पहल से इन जिलों के ग्रामीण और पिछड़े इलाकों के मरीजों को अपने ही जिले में सस्ता, आधुनिक और त्वरित इलाज मिल सकेगा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस परियोजना के तहत अस्पतालों में अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउंड, मॉनिटरिंग सिस्टम, लाइफ सपोर्ट उपकरण और कई अन्य आवश्यक चिकित्सा मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे न सिर्फ चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि गंभीर मरीजों के उपचार में भी तेजी आएगी।
सरकार का मानना है कि जिला स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन से बड़े शहरों के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा। इससे राज्य भर में उपचार प्रक्रियाएं सुगम होंगी और समय की बचत होगी। योगी सरकार की यह पहल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

