कानपुर। अंतरराष्ट्रीय ठगी मामले में पकड़े गए मास्टरमाइंड रविंद्र सोनी की गिरफ्तारी के बाद केस ने बड़ा मोड़ ले लिया है। आरोपी के साथ बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और मशहूर रेसलर द ग्रेट खली के वीडियो सामने आने के बाद कानपुर पुलिस ने अब दोनों से पूछताछ की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि दुबई में आयोजित रविंद्र सोनी के जन्मदिन समारोह के दौरान सोनू सूद और खली मौजूद थे। इस इवेंट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इस एंगल से नई पड़ताल शुरू कर दी है।
दुबई इवेंट के वीडियो बने जांच का आधार
अंतरराष्ट्रीय ठगी सिंडिकेट से जुड़े रविंद्र सोनी ने दुबई में भव्य जन्मदिन पार्टी आयोजित की थी। वायरल वीडियो में सोनू सूद और खली साथ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और दोनों सेलीब्रिटीज की मौजूदगी का उद्देश्य स्पष्ट करना जरूरी है।
पुलिस ने भेजी नोटिस की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, दोनों सेलीब्रिटीज को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि उनकी आरोपी से क्या पहचान थी और वे किस उद्देश्य से कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
फाइनेंशियल ट्रेल की भी जांच
जांच टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या रविंद्र सोनी ने किसी भी तरह से सेलीब्रिटीज से संपर्क बनाए रखा था, या फिर यह सामान्य कार्यक्रम था जहां वह शामिल हो गए।
पुलिस आरोपी के विदेशी खातों, लेनदेन और इवेंट के स्पॉन्सर से जुड़े दस्तावेज भी खंगाल रही है।
क्या है मामला?
रविंद्र सोनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन ठगी और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसके नेटवर्क के कई देशों से कनेक्शन मिलने के बाद मामले की जांच और गहरी हो गई है।

