लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा पर तीखा हमला करते हुए उन्हें आरक्षण विरोधी करार दिया। अखिलेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भाजपा के नेता ऐसे लोग हैं जो संविधान द्वारा दिया गया आरक्षण भी सरेआम नजरअंदाज करते हैं।
सपा प्रमुख ने इसके अलावा देहरादून में त्रिपुरा के छात्र की हत्या के मामले में सर्वोच्च न्यायालय से स्वत: संज्ञान लेने की मांग भी की है।
उन्होंने लेखपाल भर्ती में आरक्षण की गलती के मामले का भी जिक्र किया। हाल ही में भर्ती का दूसरा विज्ञापन जारी किया गया था। इस पर अखिलेश यादव ने लिखा,
“भाजपाई वो पीडीए विरोधी लोग हैं, जो जानबूझकर आरक्षण की हकमारी करते हैं और सोचते हैं कि पकड़ गए तो दे देंगे। ओबीसी हो, दलित, अल्पसंख्यक या महिला, ये सब भाजपाइयों की निगाह में दोयम दर्जे के लोग हैं।”
सपा प्रमुख की यह टिप्पणी भाजपा के आरक्षण और अल्पसंख्यक कल्याण नीतियों पर बड़ा राजनीतिक हमला मानी जा रही है।
