ओडिशा – ओडिशा के कलाहांडी जिले के धर्मगढ़ के सब-कलेक्टर धिमन चकमा को रविवार को विजिलेंस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। उन पर एक स्थानीय व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने का आरोप है। यह राशि 20 लाख रुपये की कुल मांग का पहला हिस्सा बताया जा रहा है। धीमन चकमा 2021 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी हैं।
विजिलेंस टीम ने छापा मारा
जानकारी के मुताबिक, धीमन चकमा ने पीड़ित व्यवसायी को उनके सरकारी निवास पर बुलाया और 10 लाख की रिश्वत ली। नोटों की संख्या कुल 26 बंडल थी, जिनमें 100 रुपये और 500 रुपये के नोट शामिल थे। उन्होंने अपने हाथों से नोटों की गिनती की और उन्हें ऑफिस टेबल की ड्रॉवर में रख दिया। बाद में, जब विजिलेंस टीम ने छापा मारा, तो उनके हाथ और ड्रॉवर दोनों से केमिकल टेस्ट में रिश्वत की पुष्टि हुई।
घर से 47 लाख की नकदी बरामद
विजिलेंस की टीम ने जब उनके सरकारी निवास की तलाशी ली, तो वहां से और 47 लाख की नकदी बरामद हुई। अब तक की कुल बरामद राशि 57 लाख तक पहुंच चुकी है। फिलहाल, तलाशी की कार्रवाई जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।
छापेमारी और जांच अभी जारी
इस मामले में विजिलेंस सेल थाने में केस नंबर 6/2025 के तहत भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम 1988 की धारा 7 और 2018 के संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी और जांच अभी जारी है और जल्द ही और भी खुलासे होने की उम्मीद लगाई जा रही है।
Alok Kumar Srivastava serves as the Chief Editor of Prabhat Darshan, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering political affairs, social issues, and regional developments.
