शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से जाम और रेलवे फाटक की परेशानी झेल रहे लोगों को जल्द ही समाधान मिलने वाला है। शहर के श्री कृष्णा टॉकीज के पास प्रस्तावित ओवरब्रिज का स्टीमेट (अनुमानित लागत) शासन को भेज दिया गया है। इस परियोजना में आने वाले मकानों और दुकानों के लिए 18 करोड़ रुपये का मुआवजा बजट मांगा गया है।
नवंबर के अंत तक मिल सकती है मंजूरी
जानकारी के अनुसार, ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सीडीओ अभिषेक कुमार लगातार शासन के अधिकारियों के संपर्क में हैं। वहीं, ब्रिज कॉरपोरेशन के अधिकारियों को उम्मीद है कि नवंबर के आखिर तक ओवरब्रिज को स्वीकृति मिल जाएगी। इसके बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
पीलीभीत-बस्ती हाइवे से जोड़ने की तैयारी
दरअसल, शासन की योजना के तहत संकटा देवी चौराहा से लालपुर तक सड़क को फोरलेन बनाया जाना है, ताकि शहर को पीलीभीत-बस्ती हाइवे से जोड़ा जा सके। इस परियोजना के लिए 31 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है।
रेलवे क्रॉसिंग बनेगी ओवरब्रिज में
फोरलेन परियोजना में सबसे बड़ी बाधा श्री कृष्णा टॉकीज के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग थी, जहां अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। अब रेलवे ने ब्रिज कॉरपोरेशन को ओवरब्रिज निर्माण की सहमति दे दी है, जिससे इस समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
शहर को मिलेगा जाम से निजात
ओवरब्रिज बनने के बाद संकटा देवी चौराहा से लालपुर तक का सफर सुगम और निर्बाध होगा। इससे न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि शहर में ट्रैफिक दबाव भी काफी कम होगा।

