जयपुर। मानसरोवर क्षेत्र में शुक्रवार रात रेसिंग कर रही ऑडी कार ने हड़कंप मचा दिया। तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे फूड स्टॉल्स में घुस गई। हादसे के समय वहां करीब 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। कार ने करीब 16 लोगों को रौंदते हुए एक पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना रात लगभग 9:30 बजे पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र के खरबास सर्किल के पास हुई। हादसे के बाद ऑडी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार दमन दीव रामकृष्ण चेरिटेबल ट्रस्ट के नाम रजिस्टर्ड है।
ड्राइवर सहित तीन लोग फरार
हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। आरोपी ड्राइवर दिनेश रणवां और कार में बैठे दो अन्य लोग फरार हैं। वहीं, कार सवार एक युवक पप्पू रेनवाल को भीड़ ने पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि चारों लोग शराब के नशे में थे।
पप्पू ने पुलिस को बताया कि दिनेश ने उसे खरबास सर्किल पर बुलाया था और वहां ऑडी में बैठे अन्य दो लोगों के साथ रेसिंग शुरू कर दी। दिनेश करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ऑडी कार चला रहा था।
हादसे का भयावह मंजर
कार डिवाइडर से टकराने के बाद पीछे वाली कार लौट गई, लेकिन ऑडी अनियंत्रित होकर स्टॉल्स में घुस गई। इस दौरान वहां मौजूद लोग बुरी तरह घायल हुए। मृतक और घायल लोगों का इलाज तुरंत नजदीकी अस्पताल में कराया गया।

