लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को राजधानी के हजरतगंज स्थित पॉश इलाके डालीबाग में माफिया मुख्तार अंसारी से खाली कराई गई जमीन पर बने ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) के फ्लैट्स की चाबी लाभार्थियों को सौंपेंगे।
यह कार्यक्रम डीजीपी आवास के सामने एकता वन में आयोजित किया जाएगा, जहां सीएम योगी खुद गरीबों को नए घरों की चाबी सौंपकर उन्हें “मकान का अधिकार” देंगे।
इन फ्लैट्स का निर्माण सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना के तहत किया गया है। कुल 72 फ्लैट बनाए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग ₹10.70 लाख रखी गई है। मंगलवार को इन फ्लैट्स की लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब पात्र लाभार्थियों को घर मिलने जा रहा है।
सरकार का कहना है कि यह सिर्फ आवास नहीं, बल्कि अपराध और अवैध कब्जों पर राज्य की “जीरो टॉलरेंस नीति” का प्रतीक है। सीएम योगी ने कहा है कि “जो जमीन पहले माफिया के कब्जे में थी, आज उसी पर गरीबों के सपनों का घर खड़ा है।”

