नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खेड़ा ने कहा कि अमित शाह जब भी पटना जाते हैं, होटल की लिफ्टों में लगे CCTV कैमरों को कागज से ढक दिया जाता है ताकि गुप्त बैठकों की रिकॉर्डिंग न हो सके।
खेड़ा ने दावा किया कि गृह मंत्री अधिकारियों से गुप्त रूप से मुलाकात करते हैं और यह सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। उन्होंने सवाल उठाया, “गृह मंत्री आखिर किन अधिकारियों से गुप्त रूप से मिलते हैं और ऐसी बैठकों को छिपाने की जरूरत क्यों है?”
पवन खेड़ा ने पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन खुद की बैठकों में गोपनीयता और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करती है।
खेड़ा ने कहा, “सरकार जवाबदेही से भाग रही है। जब गृहमंत्री जैसे वरिष्ठ मंत्री भी कैमरों को ढकवाने का आदेश देते हैं, तो सवाल उठना लाज़मी है।”
BJP की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
कांग्रेस के इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से अब तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, पार्टी सूत्रों ने इन दावों को राजनीतिक रूप से प्रेरित और बेबुनियाद बताया है।
बीजेपी नेताओं का कहना है कि सुरक्षा कारणों से होटल या सरकारी भवनों में CCTV सिस्टम को अस्थायी रूप से सीमित करना सामान्य प्रक्रिया होती है और इसमें किसी प्रकार की गुप्तता नहीं होती।
