आगरा। सदर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक तंदूर कारीगर का संदिग्ध हालत में शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के द्वारा हत्या का आरोप लगाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक मृतक विष्णु बीच का उखर्रा, राजपुर चुंगी का रहने वाला है। उसके बड़े भाई मनोज ने बताया कि विष्णु मेहंदीपुर बालाजी में एक होटल पर तंदूर का काम करता था। वह रविवार रात करीब आठ बजे घर से तीन दोस्तों के साथ निकला था। फिर रात को घर नहीं लौटा। सुबह करीब सात बजे कॉलोनी के लोगों से विष्णु का शव दुर्गानगर में पड़े होने की सूचना मिली। वहां जाकर देखा तो उसके नाक और कान से खून निकलने के निशान थे।
पुलिस पहले पहुंच चुकी थी वह शव के ले जाने की तैयरी कर रही थी। विष्णु के भाई मनोज ने बताया कि वह 15 दिन पहले मेंहदीपुर से आया था। रविवार को जाने के लिए होटल मालिक से पैसे डलवाए थे। लेकिन वह रात को मेहंदीपुर जाने के बजाय दोस्तों के साथ निकल गया। सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली।