लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री (किसान पंजीकरण) अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत प्रदेश में कुल 2,88,70,495 किसानों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 60 प्रतिशत से अधिक, यानी 1,75,30,760 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।
अधिकारियों के अनुसार यह अभियान किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों का एकीकृत डिजिटल डाटा तैयार किया जा रहा है, जिससे कृषि संबंधी योजनाओं, सब्सिडी और अन्य लाभों को पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
राज्य सरकार का कहना है कि पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया गया है। ग्राम पंचायतों, ब्लॉक कार्यालयों और विशेष शिविरों के जरिए किसानों का रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। साथ ही, किसानों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि शेष किसानों के पंजीकरण का कार्य भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि तय समयसीमा के भीतर सभी पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर ली जाए, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।

