नई दिल्ली – पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले लोगों के मास्टरमाइंड का खुलासा हो गया है. भारतीय जांच एजेंसियों ने बताया कि पाकिस्तान पुलिस का पूर्व सब इंस्पेक्टर नासिर ढिल्लो इस जासूसी रैकेट का मास्टरमाइंड है और ज्योति मल्होत्रा भी उसके संपर्क में थी. इतना ही नहीं ज्योति मल्होत्रा ने नासिर ढिल्लो के साथ पॉडकास्ट भी किया था. इस पॉडकास्ट में ज्योति पाकिस्तानियों की तारीफ के पुल बांधती हुई नजर आ रही हैं. बताया जा रहा है कि ज्योति की नासिर से लाहौर में मुलाकात हुई थी. इस दौरान ज्योति के साथ जासूसी के आरोप में गिरफ्तार जसबीर उर्फ जान महल भी था.
नासिर ढिल्लो पुलिस से रिटायर्ड होने के बाद से अपना यूट्यूब चैनल चला रहा था. ISI और पाक आर्मी के इशारे पर भारत के यूट्यूबर्स से दोस्ती गांठ कर नासिर ढिल्लो उनसे भारत की सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करता था. बताया जा रहा है कि नासिर भरतीय यूट्यूबर से दोस्ती करता, ISI एजेंट से मिलवाता और फिर जासूसी के लिए टास्क देता था. ज्योति जैसे कई भारतीय जासूस नासिर के संपर्क में थे. नासिर ढिल्लो के दानिश से संबंध के भी सबूत जांच एजेंसी को मिले हैं.
ज्योति मल्होत्रा के साथ भी नासिर ढिल्लो ने एक पॉडकास्ट किया था. इस दौरान नासिर ने ज्योति के अनारकली बाजार में घूमने को लेकर सवाल किये थे. ज्योति ने बताया कि इस दौरान उसने अनारकली बाजार में क्या-क्या खाया था. इस पॉडकास्ट में दिखाए जा रहे वीडियो में ज्योति साड़ी पहन और काला चश्मा लगाए पाकिस्तान के बाजार में लोगों से मिलते हुए भी नजर आ रही हैं.
ज्योति मल्होत्रा के वकील कुमार मुकेश ने बुधवार को बताया कि उनके मुवक्किल को 9 जून को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया जाएगा. इसके बाद आगे फैसला किया जाएगा कि उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जानी चाहिए. कुमार मुकेश ने कहा कि पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार जसबीर सिंह के बारे में पंजाब पुलिस कह रही है कि इसके ज्योति मल्होत्रा से लिंक हो सकते हैं. पुलिस इस तरह का दावा इस आधार पर कर रही है, क्योंकि दोनों ही यूट्यूब चैनल चलाते हैं. हो सकता है कि दोनों के बीच लिंक हो, लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं हो जाता है कि ज्योति मल्होत्रा भी जासूस हो.
उन्होंने कहा कि अब पुलिस जब इस मामले में आरोपपत्र दाखिल करेगी, तभी यह साफ जाहिर हो सकेगा कि अब तक पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा से क्या-क्या कबूल करवाया है. पुलिस के आरोपपत्र से यह जाहिर हो जाए कि ज्योति मल्होत्रा से क्या-क्या पूछताछ हुई है. इसके बाद अगर स्थिति हमारे पक्ष में बनी, तो हम कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दाखिल करेंगे. उन्होंने बताया कि अब तक पुलिस ने ज्योति मल्होत्रा से एक मोबाइल फोन और तीन लैपटॉप बरामद किए हैं.
साथ ही, उन्होंने ज्योति मल्होत्रा द्वारा वीडियो बनाकर अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए जाने पर कहा कि अगर यह अवैध होता, तो पुलिस उसे पहले ही गिरफ्तार कर चुकी होती. ज्योति मल्होत्रा ने यह वीडियो आज नहीं, बल्कि दो साल पहले बनाया था. जब दो साल पहले वीडियो बनाया था, तब तो इस मामले में किसी भी प्रकार का अवैध या वैध का पहलू सामने नहीं आया और अब दो साल बाद आप अवैध और वैध वाला एंगल सामने ला रहे हैं.
वहीं, ज्योति मल्होत्रा की वाराणसी पुलिस की तरफ से की गई पूछताछ के बारे में वकील कुमार मुकेश ने कहा कि इसके बारे में तो हिसार पुलिस ही बता सकती है. लेकिन, ज्योति फिलहाल हरियाणा पुलिस की हिरासत में है. पुलिस हिरासत में उससे इस मामले में पूछताछ हो रही है.
Alok Kumar Srivastava serves as the Chief Editor of Prabhat Darshan, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering political affairs, social issues, and regional developments.
