नई दिल्ली। देशभर में हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों में डालने वाले Indigo फ्लाइट कैंसिलेशन मामले में अब इंडिगो के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने भी पब्लिक माफी मांगी है। आठ मिनट के वीडियो संदेश में मेहता ने माना कि कंपनी “अपने ग्राहकों को निराश कर चुकी है” और कहा कि एयरलाइन ने अब पूर्ण परिचालन बहाल कर लिया है।
इससे पहले इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स भी संकट के दौरान हाथ जोड़कर माफी मांग चुके हैं, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी।
मेहता ने कहा कि बोर्ड पूरी तरह सक्रिय था और नेटवर्क को संभालने के लिए प्रबंधन के साथ दिन-रात काम करता रहा। उन्होंने बताया कि इंडिगो अब 138 डेस्टिनेशन पर रोज़ 1,900 उड़ानें सामान्य रूप से संचालित कर रहा है।
सबसे बड़ी बात—उन्होंने उन गंभीर आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें कहा जा रहा था कि एयरलाइन ने नए नियमों को दरकिनार करने के लिए जानबूझकर यह संकट पैदा किया। मेहता ने साफ कहा, “ये दावे तथ्यहीन हैं। सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया।”
उन्होंने बताया कि DGCA पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और इंडिगो ने बाहरी तकनीकी विशेषज्ञों को नियुक्त करने का फैसला किया है, ताकि गड़बड़ी के असली कारण पता चल सकें और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।
मेहता ने स्वीकार किया कि कंपनी की चूक ने जनता का भरोसा हिला दिया है और कहा—
“आपका विश्वास फिर से जीतने में समय लगेगा। हमारी बातों से नहीं, हमारे काम से यह साबित होगा।”

