रांची। झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में लग रही JMM और BJP के गठबंधन की अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बात करते हुए मरांडी ने कहा कि “ठंड के मौसम में आप लोग थोड़ा आनंद लीजिए।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की ओर से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है और यह केवल मीडिया में चर्चा का विषय है।
सुप्रीम कोर्ट में रोहिंग्या टिप्पणी पर आपत्ति, पूर्व जजों ने CJI को लिखा पत्र
बाबूलाल मरांडी ने कहा, “ये चर्चा में आप लोगों से सुनता भी हूं और देखता भी हूं, लेकिन वास्तव में कहीं से कुछ सुनाई नहीं दिया। पार्टी या कहीं और से हमें कुछ ऐसा नहीं मिला।” उन्होंने स्पष्ट किया कि BJP फिलहाल इस तरह के नए समीकरण पर कोई निर्णय या जानकारी साझा नहीं कर रही है।
साथ ही, मरांडी ने सत्तापक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार लूटने में लगी हुई है, और बीजेपी ऐसे मुद्दों पर सवाल उठाना जारी रखेगी। उन्होंने शराब नीति को लेकर बताया कि दो-ढाई साल पहले ही उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया था, लेकिन अब तक इसका कोई जवाब नहीं आया।
इससे पहले कांग्रेस नेता और झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने कहा था कि उनकी सरकार पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी और बीजेपी अफवाहें फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिबू सोरेन के बेटे हैं और कभी भी राजनीतिक दबाव में नहीं झुकेंगे।
