संभल। श्रावण मास में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। इस बार संभल में कांवड़ यात्रा पूरी तरह पॉलीथीन मुक्त होगी। प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाकर चार जगहों पर छापेमारी की, जिसमें 4 कुंतल पॉलीथीन जब्त की गई।
अभियान की अगुवाई ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी और सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने की। छापेमारी के दौरान पॉलीथीन उपयोग करने वाले दुकानदारों पर 77 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कोई भी दुकानदार या कांवड़ यात्री पॉलीथीन का उपयोग न करें। यदि किसी के पास प्लास्टिक पाया गया तो या तो उसे प्रशासन को जमा करना होगा या फिर वापस उसी दुकान पर लौटाना होगा जहां से खरीदा गया।
कांवड़ यात्रियों को सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराने के लिए 5 हजार थैला बैग मुफ्त वितरित किए जाएंगे। ये बैग मंदिरों पर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, मंदिरों में पॉलीथीन रोकने के लिए नगर पालिका कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

