पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में भीषण विस्फोट की सूचना सामने आ रही है। इस ब्लास्ट में पाकिस्तान के पूर्व मंत्री अब्बास खान अफरीदी की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि विस्फोट अफरीदी के घर पर गैस रिसाव से हुआ। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद अब्बास खान अफरीदी का शुक्रवार को निधन हो गया। पाकिस्तान पुलि ने यह जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि यह हादसा बृहस्पतिवार को हुआ था। इस हादसे में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के पूर्व सांसद अब्बास अफरीदी समेत तीन लोग झुलस गए थे।
पुलिस के अनुसार उनके आवास में गैस रिसाव के चलते जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिससे घर के एक हिस्से में आग लग गई और लोग बुरी तरह घायल हो गए। तुरंत ही सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अफरीदी की हालत अत्यंत गंभीर थी। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद शुक्रवार को इलाज के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अफरीदी ने दम तोड़ दिया।
कौन थे अफरीदी
अफरीदी न केवल एक पूर्व सांसद और संघीय मंत्री थे, बल्कि वह पाकिस्तान की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा माने जाते थे। वह सीनेटर भी रह चुके थे और उनका राजनीतिक प्रभाव विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र में महसूस किया जाता था। अब्बास अफरीदी ने वर्ष 2024 में सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया था और पीएमएल-एन पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उनका समाजसेवा और राजनीतिक सलाहकार के रूप में योगदान जारी था। उनके निधन से क्षेत्रीय राजनीति को एक बड़ा झटका लगा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह एक गैस रिसाव का मामला प्रतीत होता है, लेकिन विस्फोट के सटीक कारणों और लापरवाही की संभावनाओं की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक सहयोगियों ने अफरीदी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को एक अपूरणीय क्षति बताया है। सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन पूरे कोहाट क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Alok Kumar Srivastava serves as the Chief Editor of Prabhat Darshan, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering political affairs, social issues, and regional developments.
