जौनपुर। जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव (जुब्बापुर) में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 28 वर्षीय विवाहिता प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष के पति, देवर सहित 6 लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये की मांग लगातार की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर परिजनों ने प्रीति की गला दबाकर हत्या कर दी।
Bhaum Pradosh Vrat : आज भौम प्रदोष व्रत, शिवजी को अर्पित करें यह व्रत और लाभ पाएं
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर बरसठी पुलिस ने दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
2021 में हुई थी शादी
प्रीति की शादी मई 2021 में हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग किए जाने का आरोप परिवार वालों ने लगाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
परिजनों में मातम, गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके और गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

