भारतीय नौसेना पश्चिम बंगाल के हल्दिया में एक नया नेवी बेस बनाने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह कदम चीन की बढ़ती नौसैनिक गतिविधियों और बांग्लादेश-पाकिस्तान से जुड़े बदलते क्षेत्रीय सुरक्षा हालात को देखते हुए उठाया जा रहा है।
इसका मकसद उत्तरी बंगाल की खाड़ी में भारत की समुद्री मौजूदगी को मजबूत करना है। यह नया बेस एक पूर्ण नौसैनिक कमांड न होकर “नेवल डिटैचमेंट” के रूप में काम करेगा। यहां से छोटे वॉरशिप और हाईस्पीड बोट की तैनाती की जाएगी, ताकि समुद्री निगरानी और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ाई जा सके।
नेवी इस बेस के लिए मौजूदा हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स का उपयोग करेगी। इससे कम अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ बेस को जल्दी ऑपरेशनल किया जा सकेगा। शुरुआत में एक अलग जेट्टी (नाव या जहाज रुकने की जगह) बनाई जाएगी और वहां जरूरी सहायक सुविधाएं (शोर-सपोर्ट) तैयार की जाएंगी।

