नई दिल्ली। केरल के स्थानीय निकाय चुनावों में एनडीए को बड़ी कामयाबी मिली है। तिरुवनंतपुरम नगर निगम के 101 वार्डों में से 50 वार्डों पर NDA ने जीत दर्ज की है। यह परिणाम इसलिए भी अहम है क्योंकि पिछले 45 वर्षों से इस नगर निगम पर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) का दबदबा रहा है। चुनाव परिणामों में LDF को 29 वार्ड, जबकि कांग्रेस गठबंधन (UDF) को 19 वार्डों में जीत मिली है।
राहुल गांधी पर भाजपा का पलटवार, धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- अहंकारी हैं सांसद
2020 के स्थानीय निकाय चुनावों की तुलना में इस बार तस्वीर पूरी तरह बदली नजर आई। उस समय LDF ने 52 वार्ड, भाजपा-नेतृत्व वाले NDA ने 33 वार्ड, जबकि UDF ने 10 वार्डों में जीत हासिल की थी। तिरुवनंतपुरम को कांग्रेस सांसद शशि थरूर का गढ़ माना जाता है, ऐसे में NDA की यह सफलता राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बता दें कि केरल के 1,199 स्थानीय निकायों के लिए मतगणना सुबह 8 बजे से जारी है। राज्य में दो चरणों में 9 और 11 दिसंबर को मतदान कराया गया था। निर्वाचन के बाद चुने गए पंचायत सदस्यों, नगर पालिका पार्षदों और नगर निगम पार्षदों का शपथ ग्रहण 21 दिसंबर को होगा।
