नई दिल्ली। एक पाकिस्तानी महिला निकिता नागदेव ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की अपील की है। निकिता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने साथ हुए कथित अत्याचार और धोखे की आपबीती साझा कर रही है।
निकिता नागदेव ने आरोप लगाया है कि उनके पति विक्रम नागदेव ने कराची में शादी करने के बाद उन्हें भारत लाकर अटारी बॉर्डर पर अकेला छोड़ दिया और वापस पाकिस्तान भेज दिया। निकिता के मुताबिक, अब उनका पति दिल्ली में दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है।
वीडियो में निकिता रोते हुए बताती हैं कि उन्हें मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा है और अब उन्हें किसी भी तरह न्याय की जरूरत है। उन्होंने पीएम मोदी से अपील करते हुए कहा है कि उन्हें इंसाफ दिलाया जाए और उनके मामले में उचित कार्रवाई हो।
निकिता का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने सोशल मीडिया पर चर्चा और सहानुभूति बटोरी है। कई लोग सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, अभी तक इस मामले में किसी आधिकारिक एजेंसी या पुलिस द्वारा बयान जारी नहीं किया गया है।
