नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना मनरेगा का नाम बदलकर ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ करने का फैसला किया है। इस योजना का संक्षिप्त नाम ‘वीबी जी राम जी’ या ‘जी राम जी’ रखा जाएगा। सरकार के इस फैसले के बाद देश की राजनीति में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
इस बदलाव के साथ ही योजना से महात्मा गांधी का नाम पूरी तरह हट जाएगा, जिसे लेकर कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने कड़ा विरोध जताया है। विपक्ष ने इसे गांधीजी के विचारों और विरासत का अपमान बताते हुए सरकार पर राजनीतिक एजेंडे के तहत नाम बदलने का आरोप लगाया है।
सरकार इस विधेयक को संसद के शीतकालीन सत्र में पेश कर रही है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के लिए रोजगार की गारंटी और महात्मा गांधी के सिद्धांतों से जुड़ा प्रतीक है।
