मॉस्को/कीव। रूस ने सोमवार को आरोप लगाया कि यूक्रेन ने नोवगोरोड में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सरकारी आवास पर ड्रोन हमला करने की कोशिश की। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के अनुसार, 28 और 29 दिसंबर की रात यूक्रेन की ओर से 91 ड्रोन दागे गए, जिन्हें रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया। लावरोव ने चेतावनी दी कि इस हमले का जवाब दिया जाएगा और इसे आतंकवादी कार्रवाई करार दिया।
‘युवा खेलेगा तभी देश खिलेगा…’, मुख्यमंत्री योगी का बड़ा बयान, खेल और योग को बताया सफलता की कुंजी
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के समय राष्ट्रपति पुतिन नोवगोरोड स्थित आवास पर मौजूद थे या नहीं। रूस की ओर से इस कथित हमले का कोई वीडियो या दृश्य प्रमाण भी जारी नहीं किया गया है।
यूक्रेन का खंडन, “हमले के बहाने गढ़ी जा रही कहानी”
दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें झूठा और मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन पर हमले के लिए बहाना तलाश रहा है।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि पुतिन के घर पर हमले की कहानी सिर्फ कीव में सरकारी इमारतों को निशाना बनाने और उन्हें सही ठहराने के लिए गढ़ी गई है। उन्होंने लिखा कि रूस युद्ध समाप्त करने के लिए जरूरी कदम उठाने से इनकार कर रहा है, जबकि यूक्रेन हमेशा कूटनीतिक समाधान के पक्ष में रहा है।
जेलेंस्की ने यह भी आरोप लगाया कि रूस पहले भी इसी तरह के बहाने बनाकर कीव और मंत्रिपरिषद की इमारतों पर हमले कर चुका है। उन्होंने कहा कि दुनिया को चुप नहीं रहना चाहिए और रूस को स्थायी शांति के प्रयासों को कमजोर करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
रूस का पलटवार का संकेत
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि पुतिन के सरकारी आवास पर हमले की कोशिश के बाद रूस ने यूक्रेन पर पलटवार के समय और लक्ष्य तय कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि रूस अपनी प्रतिष्ठा और सुरक्षा की रक्षा करेगा।
रूस के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने इस कथित हमले की जानकारी सोमवार को फोन पर डोनाल्ड ट्रम्प को दी। उशाकोव का दावा है कि ट्रम्प इस खबर से हैरान थे।
कूटनीतिक प्रयासों के बीच बढ़ा तनाव
हमले का यह दावा ऐसे समय सामने आया है, जब एक दिन पहले ही यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच फ्लोरिडा में युद्ध समाप्त करने को लेकर करीब तीन घंटे लंबी बैठक हुई थी।

