नई दिल्ली, 8 नवंबर: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी का बचाव करते हुए कहा है कि “किसी व्यक्ति को एक घटना के आधार पर नहीं, बल्कि उसके पूरे सार्वजनिक जीवन के योगदान से आंका जाना चाहिए।”
थरूर का यह बयान तब आया जब एक वकील ने सोशल मीडिया पर आडवाणी को जन्मदिन की बधाई देने पर उनकी आलोचना की थी।
थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर आडवाणी के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें “सच्चा राजनेता और आदर्श जनसेवक” बताया। उन्होंने लिखा कि “आडवाणी जी ने दशकों तक सार्वजनिक जीवन में सेवा की है, और यह उनका समर्पण ही है जो उन्हें विशिष्ट बनाता है।”
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे हम जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जैसे नेताओं के योगदान को एक घटना से नहीं आंक सकते, वैसे ही लालकृष्ण आडवाणी जैसे वरिष्ठ नेता का भी सम्मान उनके लंबे सार्वजनिक जीवन के आधार पर होना चाहिए।
गौरतलब है कि भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल आडवाणी 2002 से 2004 तक देश के उपप्रधानमंत्री रहे और हाल ही में उन्होंने अपना 98वां जन्मदिन मनाया।

