हैदराबाद, 29 अक्टूबर। तूफान ‘मोन्था’ ने तेलंगाना में भारी तबाही मचा दी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई जिलों में सड़कें, घर और सरकारी इमारतें जलमग्न हो गई हैं। सबसे ज्यादा असर खम्मम, करीमनगर, महबूबाबाद और नलगोंडा जिलों में देखने को मिला है।
सूत्रों के मुताबिक, खम्मम जिले में एक स्कूल परिसर पूरी तरह पानी में डूब गया, जिससे छात्रों को निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीमों को बुलाना पड़ा। वहीं, कई स्थानों पर कार और ट्रक बहने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
हैदराबाद के पास स्थित एक रेलवे स्टेशन पर भी पानी भर गया, जिसके चलते दो ट्रेनों को रद्द करना पड़ा और कई ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। रेलवे और आपदा प्रबंधन दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे घरों से बाहर न निकलें और निचले इलाकों में रहने वाले परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
राज्य सरकार ने सभी जिलों में आपात स्थिति घोषित करते हुए प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर और भोजन व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।
