लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को खेलकूद और योग अपनाने का संदेश देते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि “युवा खेलेगा तभी देश खिलेगा”, क्योंकि खेल और योग न केवल शारीरिक मजबूती देते हैं, बल्कि मानसिक और नैतिक विकास का भी मार्ग प्रशस्त करते हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि खेलकूद और योग क्रियाओं के माध्यम से ही जीवन में सफलताओं का मार्ग प्राप्त होता है। इससे युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गांव से लेकर शहर तक खेल मैदान, स्टेडियम और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि युवा अपनी प्रतिभा को पहचान सकें और आगे बढ़ सकें।
सीएम योगी ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि योग न सिर्फ स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है।
