मथुरा में आज राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा, राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा, बहुजन मुक्ति मोर्चा और प्रथम भारत मुक्ति मोर्चा के संयुक्त बैनर तले एक विशाल रैली और प्रदर्शन का आयोजन किया गया। यह रैली जिला अध्यक्ष क्षेत्रपाल कश्यप (राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा), बंटी कुमार (राष्ट्रीय क्रिश्चियन मोर्चा), इसराइल मलिक (बहुजन मुक्ति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष) और मेराज अली (जिला अध्यक्ष, बहुजन मुक्ति मोर्चा) के नेतृत्व में निकाली गई।

प्रदर्शनकारी डीग गेट से भगत सिंह पार्क तक रैली निकालते हुए भारत माता की जय, जय भीम, जय संविधान, तथा मोर्चा जिंदाबाद के नारे लगाते नजर आए। साथ ही “अत्याचार बंद करो”, “मूल निवासी जाग उठो”, जैसे नारे गूंजते रहे।
रैली के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मथुरा जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा, जिसमें देशभर में अल्पसंख्यक ईसाई समाज, मुसलमानों, दलितों और पिछड़े वर्गों पर हो रहे अत्याचारों, फर्जी मुकदमों और पुलिसिया उत्पीड़न के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की गई।
बहुजन मुक्ति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इसराइल मलिक ने कहा कि, “देशभर में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अन्याय के विरोध में आज देश के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन हो रहे हैं। यदि सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन तेज किया जाएगा।”
वहीं जिला अध्यक्ष मेराज अली ने कहा, “हम इस देश के मूल निवासी हैं, लेकिन हमारे अधिकारों का निरंतर हनन हो रहा है। बाहरी मानसिकता के लोग सत्ता में आकर हम पर शासन कर रहे हैं। अब यह शोषण बर्दाश्त नहीं होगा।”
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन व सरकार ने संज्ञान नहीं लिया, तो आने वाले समय में देशव्यापी धरना-प्रदर्शन और जनांदोलन शुरू किया जाएगा।
Alok Kumar Srivastava serves as the Chief Editor of Prabhat Darshan, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering political affairs, social issues, and regional developments.

