रिपोर्ट 🔹 सुशील गुप्ता
फतेहाबाद/आगरा। सपनों की नौकरी का नियुक्ति पत्र लेकर लौट रहे पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों का सफर अचानक भयावह हादसे में बदल गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद के पास रविवार रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अभ्यर्थियों से भरी बस को पीछे से ज़ोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन अभ्यर्थी घायल हो गए, जबकि बस रेलिंग तोड़कर सड़क किनारे झुक गई। टक्कर के बाद मची चीख-पुकार और अफरा-तफरी ने घटनास्थल को दहला दिया।
रविवार रात करीब 8:30 बजे पुलिस महकमे के 44 रिक्रूट्स और चालक सहित कुल 47 लोग लखनऊ से नियुक्ति पत्र लेकर आगरा पुलिस लाइन लौट रहे थे। जैसे ही बस थाना फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 27वें माइलस्टोन पर पहुंची, चालक ने कुछ देर के लिए बस को किनारे खड़ा किया। इसी दौरान कुछ अभ्यर्थी नीचे उतर ही रहे थे कि लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा चकनाचूर हो गया और वाहन रेलिंग तोड़ते हुए किनारे झुक गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल और थाना फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल अभ्यर्थियों की पहचान रोबिन पुत्र विजय सिंह – निवासी खेड़ा भगौर, थाना मलपुरा, सुंदरम शर्मा पुत्र कुलदीप शर्मा – निवासी चौरंगाहार, थाना बाह और रणवीर सिंह पुत्र विजेंद्र सिंह – निवासी सामंतापुरा, थाना सैंया के रूप में हुई है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन की नंबर प्लेट के आधार पर चालक की पहचान में जुट गई है। पुलिस ने बाकी बचे सभी अभ्यर्थियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर आगरा भेजा, ताकि वे सुरक्षित पुलिस लाइन पहुंच सकें।
Alok Kumar Srivastava serves as the Chief Editor of Prabhat Darshan, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering political affairs, social issues, and regional developments.

