बेलेम (ब्राजील)। ब्राजील के बेलेम शहर में आयोजित UN COP30 क्लाइमेट समिट के मुख्य वेन्यू पर गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में 13 लोग घायल हो गए हैं। आग लगने के वक्त भारत के पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ वहीं मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि वे और सभी भारतीय अधिकारी सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए।
कन्वेंशन हॉल के पवेलियन में लगी आग
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ के अनुसार, यह आग स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजे (भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे) एक कन्वेंशन हॉल के अंदर एक पवेलियन में लगी। हादसे के समय पवेलियन में 190 से अधिक देशों के 50,000 से ज्यादा राजनयिक, पत्रकार और एक्टिविस्ट मौजूद थे।
अफरातफरी से भरा माहौल, कई किलोमीटर दूर से दिखा धुआं
आग लगते ही समिट स्थल पर अफरातफरी मच गई। हजारों लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में पवेलियन से उठती तेज लपटें और घना काला धुआं साफ दिखाई दे रहा है। बताया गया कि धुआं कई किलोमीटर दूर से भी नजर आ रहा था।
फायर ब्रिगेड ने बढ़ी आग पर पाया काबू
घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। फायर ब्रिगेड की कई टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
समिट की सुरक्षा पर उठे सवाल
UN COP30 जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन में लगी आग ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयोजकों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जा रही है।

