वाराणसी। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शुक्रवार को अपने एकदिवसीय बनारस दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे नाटकोटक्षेत्रम धर्मशाला का भव्य उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के संयुक्त कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन, पुलिस और प्रोटोकॉल विभाग के अधिकारियों ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैयारियों की समीक्षा बैठक की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्चाधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रम के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस ने विशेष रूट प्लान तैयार किया है। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर अस्थायी यातायात परिवर्तन किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन धर्मशाला के उद्घाटन के बाद बनारस के कुछ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल हो सकते हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे कार्यक्रम स्थल पर शांति और अनुशासन बनाए रखें ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

