मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। पहले यह संख्या 4 बताई जा रही थी, लेकिन इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया और मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
कोडीन कफ सिरप मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 25 ठिकानों पर छापेमारी
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का भी ऐलान किया है। प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर यह हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

