लखनऊ। विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए योगी सरकार एक बड़ी पहल शुरू करने जा रही है। श्रम एवं सेवायोजन विभाग ऐसी विशेष योजना पर काम कर रहा है, जिसके तहत राज्य के कुशल श्रमिकों को विदेशी भाषा और कार्य कौशल का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार का मानना है कि विदेश जाकर काम करने वाले युवाओं को भाषा की जानकारी न होने के कारण कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इससे न सिर्फ उनके कामकाजी प्रदर्शन पर असर पड़ता है, बल्कि उन्हें बेहतर अवसरों का लाभ उठाने में भी कठिनाई होती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए राज्य सरकार नई योजना तैयार कर रही है।
योजना के तहत युवाओं को उन देशों की भाषा और कार्य संस्कृति का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जहां रोजगार की अधिक संभावनाएं हैं। विभाग का मानना है कि इस पहल से युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार हासिल करने में आसानी होगी और वे बेहतर ढंग से वैश्विक कार्यस्थलों की मांगों को पूरा कर सकेंगे।
सरकार का यह कदम प्रदेश के युवाओं को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
