लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब मुद्दों के दम पर चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए जनता का ध्यान भटकाने और विपक्ष को उलझाए रखने की साजिश रची जा रही है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले लाखों वोटों को जानबूझकर वोटर लिस्ट से डिलीट किया जा रहा है।
अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने की यह एक सोची-समझी रणनीति है, ताकि सत्ताधारी पार्टी को फायदा पहुंचाया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन इलाकों में भाजपा को हार का डर है, वहां विपक्ष समर्थकों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की नींव है। यदि वोटर लिस्ट में हेरफेर होती है तो जनता का भरोसा लोकतांत्रिक व्यवस्था से उठ जाएगा।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और घर-घर जाकर वोटर लिस्ट की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और भाजपा की कथित साजिश को जनता के सामने बेनकाब करेगी।
