मुंबई। महाराष्ट्र NCP (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार एक नए विवाद में घिर गए हैं। मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ फर्जी आधार कार्ड बनाने और उसका इस्तेमाल कर फर्जी वोटर पंजीकरण कराने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर डोनाल्ड ट्रंप के नाम से बने एक आधार कार्ड का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ। आरोप है कि इस फर्जी कार्ड को पवार की टीम ने आधार प्रणाली में मौजूद खामियों को दिखाने के उद्देश्य से तैयार किया था।
हालांकि, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहित पवार ने FIR को “मजेदार” बताया। उन्होंने कहा, “मैंने कोई अपराध नहीं किया। मैं सिर्फ यह दिखा रहा था कि हमारे आधार कार्ड सिस्टम में कितनी बड़ी खामियां हैं। यह जागरूकता फैलाने की कोशिश थी, जालसाजी नहीं।”
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आईटी अधिनियम और जालसाजी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि फर्जी आधार कार्ड वास्तव में बनाया गया था या सिर्फ एक डिजिटल नमूना तैयार किया गया था।
