कोलकाता/चाकुलिया। पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर हो रहा विरोध अब हिंसक रूप लेता जा रहा है। पुरुलिया के बाद अब उत्तर दिनाजपुर जिले के चाकुलिया में गुरुवार को हालात बेकाबू हो गए। SIR के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ कार्यालय में तोड़फोड़ की और आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, SIR की सुनवाई के लिए बुलाए गए लोगों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद प्रदर्शन शुरू हुआ। गुस्साए लोगों ने स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी।
हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था भंग करने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि SIR के नाम पर उनसे बार-बार कागजात मांगे जा रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है।
